
ऊधमसिंह नगर जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाते हुए राज्य सरकार ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शक्तिफार्म को उच्चीकृत कर 30 शैय्यायुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बना दिया है। इस संबंध में शासन स्तर से शासनादेश जारी कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर और उन्नत उपचार सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सीएचसी के संचालन के लिए आईपीएचएस मानकों के अनुरूप कुल 35 पद सृजित किए गए हैं, जिनमें विशेषज्ञ चिकित्सक, चिकित्सा अधिकारी, नर्सिंग व पैरामेडिकल स्टाफ तथा प्रशासनिक संवर्ग शामिल हैं। नवसृजित पदों में जनरल सर्जन, फिजिशियन, स्त्रीरोग विशेषज्ञ, बालरोग विशेषज्ञ, निश्चेतक और दंत शल्यक जैसे विशेषज्ञ पद शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रावत ने बताया कि आवश्यक चिकित्सकीय उपकरणों की उपलब्धता और अवसंरचनात्मक कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। शक्तिफार्म में सीएचसी की स्थापना से स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और निजी अस्पतालों में महंगे उपचार से भी राहत मिलेगी।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post