
धर्मनगरी हरिद्वार में मांस बिक्री पर प्रतिबंध को लेकर नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। अब पूरे नगर निगम क्षेत्र में कच्चे मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लागू करने की तैयारी है। नगर निगम की ओर से मांस विक्रय प्रतिबंध उपविधि-2026 को प्रकाशन के लिए भेज दिया गया है। इसके प्रकाशित होते ही ज्वालापुर के वे इलाके भी प्रतिबंध के दायरे में आ जाएंगे, जो अब तक इससे बाहर थे। वहीं, मीट कारोबारियों के लिए सराय में वैकल्पिक दुकानें बनकर तैयार हैं और उनके आवंटन के लिए नीलामी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
नई उपविधि के तहत नगर निगम क्षेत्र में कच्चे मांस की बिक्री, भंडारण, प्रदर्शन और ऑनलाइन डिलीवरी पर भी प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर पहली बार 50 हजार और दूसरी बार एक लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान किया गया है। वहीं, ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों पर पहली बार एक लाख और दूसरी बार तीन लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकेगा। जरूरत पड़ने पर दुकानों को सील करने की कार्रवाई भी होगी। नगर निगम ने कारोबारियों के लिए सराय में वैकल्पिक दुकानें तैयार कर नीलामी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
दीपक गोस्वामी, उप नगर आयुक्त, नगर निगम हरिद्वार
Reported By: Praveen Bhardwaj














Discussion about this post