उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र में बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक लाइनमैन की जान ले ली। सेलाकुई नगर पंचायत के जमनपुर क्षेत्र में बिजली लाइन पर मरम्मत कार्य के दौरान शटडाउन लेने के बावजूद अचानक लाइन में करंट दौड़ गया, जिससे खंभे पर काम कर रहे लाइनमैन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग की टीम जमनपुर क्षेत्र में ट्रांसफार्मर और बिजली लाइन की मरम्मत के लिए पहुंची थी। मरम्मत कार्य शुरू करने से पहले नियमानुसार लाइन का शटडाउन लिया गया था। इसी दौरान लाइनमैन मनीष कुमार बिजली के खंभे पर चढ़कर तकनीकी कार्य कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि काम के दौरान अचानक लाइन में बिजली प्रवाहित हो गई। करंट लगते ही मनीष कुमार लाइन से चिपक गए। साथी कर्मचारियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारी और पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद लाइनमैन के शव को खंभे से नीचे उतारा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस और बिजली विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शटडाउन के बावजूद लाइन में करंट कैसे आया। यह भी जांच का विषय है कि कहीं सुरक्षा मानकों का उल्लंघन तो नहीं हुआ या फिर तकनीकी अथवा मानवीय त्रुटि के कारण यह हादसा हुआ।
इस दुखद घटना के बाद बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यदि शटडाउन लिया गया था, तो लाइन में बिजली प्रवाहित कैसे हुई? क्या निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया गया था? इन सभी सवालों के जवाब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।
फिलहाल एक परिवार ने अपना कमाने वाला सदस्य खो दिया है और विभागीय लापरवाही की आशंका को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रहे हैं।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post