
देहरादून: उत्तराखंड में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस का अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी है। देहरादून स्थित पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक (DGP) दीपम सेठ ने राज्यव्यापी विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” की एक हाईलेवल समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में गढ़वाल और कुमाऊं परिक्षेत्र के आईजी (IG), सभी जिलों के एसएसपी-एसपी (SSP-SP), एसटीएफ (STF) और जीआरपी (GRP) के आला अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान डीजीपी ने अब तक की कार्रवाई की सराहना की और अधिकारियों को आगे भी इसी तरह सख्त रुख अपनाने के निर्देश दिए।
‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हुई बड़ी कार्रवाइयों का लेखा-जोखा
डीजीपी दीपम सेठ ने बताया कि पिछले एक माह के भीतर इस विशेष अभियान के तहत राज्य पुलिस को बड़ी सफलताएं मिली हैं। अभियान के मुख्य आंकड़े और कार्रवाइयां इस प्रकार हैं:
-
रिकॉर्ड गिरफ्तारियां और कड़े कानून: अभियान के दौरान 1400 से अधिक वांछित, फरार और पेशेवर अपराधियों को जेल भेजा गया। साथ ही गैंगस्टर एक्ट में 40 और गुंडा एक्ट के तहत 130 से अधिक लोगों पर सख्त कार्रवाई की गई।
-
अवैध हथियार और संदिग्धों पर शिकंजा: राज्यभर में 66 अवैध हथियार बरामद किए गए। वहीं ऊधमसिंहनगर और देहरादून में आतंकी संगठनों से जुड़े संदिग्धों को अवैध असलाह के साथ दबोचा गया, जबकि फर्जी दस्तावेजों के साथ रह रहे 3 बांग्लादेशी नागरिक भी पकड़े गए।
-
सत्यापन और ट्रैफिक एक्शन: सुरक्षा के मद्देनजर 40 हजार से अधिक लोगों का सत्यापन (Verification) किया गया। नियमों का उल्लंघन करने पर 15 हजार वाहनों के चालान, 2 हजार वाहन सीज और 900 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया।
-
चारधाम यात्रा में साइबर ठगी पर वार: चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को साइबर ठगी से बचाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 200 से अधिक फर्जी सोशल मीडिया लिंक और 50 संदिग्ध मोबाइल नंबरों को बंद कराया।
अपराध के खिलाफ जारी रहेगा कड़ा प्रहार
समीक्षा बैठक के अंत में पुलिस महानिदेशक (DGP) ने साफ किया कि देवभूमि की शांति और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी जिला कप्तानों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में खुफिया तंत्र को और मजबूत करें। डीजीपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि अपराध और असामाजिक तत्वों की कमर तोड़ने के लिए “ऑपरेशन प्रहार” आगे भी इसी तरह लगातार और पूरी आक्रामकता के साथ जारी रहेगा।
Reported By: Shiv Narayan















Discussion about this post