फर्जी दस्तावेजों के जरिए MBBS में दाखिला दिलाने के मामले में देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा कर तीन अभ्यर्थियों को मेडिकल कॉलेजों में दाखिला दिलाया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) ने साक्ष्य जुटाने के बाद रूपेश पंडित और अरविंद कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इस पूरे फर्जीवाड़े के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
तीन अभ्यर्थियों के परिजनों से लिए 20-20 लाख रुपये
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने तीन अभ्यर्थियों के परिजनों से एडवांस के तौर पर 20-20 लाख रुपये लिए थे। आरोप है कि इसके बाद फर्जी दस्तावेज तैयार कर अभ्यर्थियों को MBBS पाठ्यक्रम में दाखिला दिलाया गया।
पुलिस के अनुसार, दाखिले के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र समेत अन्य दस्तावेजों में हेराफेरी की गई। SIT ने मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों को जुटाने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने से लेकर मेडिकल कॉलेज में दाखिला दिलाने तक इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ ही मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और लेनदेन की भी जांच कर रही है।
एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने बताया कि मामले में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है और जांच के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
प्रमेन्द्र सिंह डोभाल, एसएसपी देहरादून
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post