
हरिद्वार में आगामी कुंभ मेला 2027 को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। 14 अप्रैल 2027 को मेष संक्रांति के अवसर पर होने वाले प्रमुख अमृत स्नान (शाही स्नान) को ध्यान में रखते हुए मेला प्रशासन “काउंटडाउन मोड” में काम कर रहा है।
मेलाधिकारी सोनिका ने बैसाखी के अवसर पर हर की पैड़ी सहित कई प्रमुख स्थानों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने घाटों, सड़कों, पुलों, पैदल मार्गों और पार्किंग व्यवस्था की स्थिति का मूल्यांकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कांवड़ पटरी मार्ग, हिल बाइपास और मनसा देवी पैदल मार्ग के शीघ्र सुधार और पुनर्निर्माण पर जोर दिया गया। साथ ही अतिक्रमण हटाने, रेलवे स्टेशन पर सुविधाएं बढ़ाने और स्नानार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
मेलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी कार्यों के लिए तय टाइमलाइन के अनुसार नियमित निगरानी और समीक्षा की जा रही है, ताकि कुंभ मेला 2027 का आयोजन सुव्यवस्थित और सफल बनाया जा सके।
कुंभ मेला 2027, हरिद्वार – प्रमुख स्नान तिथियां
14 जनवरी 2027 : मकर संक्रांति
06 फरवरी 2027 : मौनी अमावस्या
11 फरवरी 2027 : बसंत पंचमी
20 फरवरी 2027 : माघ पूर्णिमा
06 मार्च 2027 : महाशिवरात्रि (अमृत स्नान)
08 मार्च 2027 : फाल्गुन अमावस्या (अमृत स्नान)
07 अप्रैल 2027 : नव संवत्सर (नव वर्ष)
14 अप्रैल 2027 : मेष संक्रांति (प्रमुख अमृत स्नान)
15 अप्रैल 2027 : श्रीराम नवमी
20 अप्रैल 2027 : चैत्र पूर्णिमा
Reported By: Praveen Bhardwaj














Discussion about this post