
श्रीनगर स्थित एचएनबी परिसर सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कृषि, उद्यान, ग्राम्य विकास एवं सैनिक कल्याण विभागों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और लाभार्थियों तक उनका सही समय पर पहुँचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मंत्री ने अधिकारियों को परस्पर समन्वय बनाकर जमीनी स्तर पर ठोस बदलाव लाने के निर्देश दिए।
मंत्री जोशी ने डीआरडीए को दीन दयाल उपाध्याय कौशल विकास कार्यक्रम के तहत अधिक युवाओं को स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिल सके। कृषि विभाग को एकीकृत क्लस्टर फार्मिंग को बढ़ाने तथा उद्यान विभाग को कीवी, सेब और फ्लोरीकल्चर में संभावनाओं का विस्तार करने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्रैगन फ्रूट की खेती को लेकर जिला विकास अधिकारी से विस्तृत कार्ययोजना जल्द प्रस्तुत करने को कहा।
मंत्री ने योजनाओं के कमजोर प्रचार-प्रसार पर नाराजगी जताते हुए न्यायपंचायत स्तर पर कार्यशालाएँ आयोजित कर सूचना लोगों तक पहुँचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान और स्थानीय जनप्रतिनिधि योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पीएमजीएसवाई अधिकारियों को कोटद्वार–दुगड्डा मार्ग के आमसौड़ क्षेत्र में सड़क सुधारीकरण कार्य शीघ्र पूरा करने और अतिरिक्त बजट प्रस्ताव जल्द शासन को भेजने के निर्देश दिए। सैनिक कल्याण विभाग को शहीदों के सम्मान में परिसंपत्तियों के नामकरण से जुड़े प्रकरण सीधे मंत्री के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा, ताकि शीघ्र समाधान किया जा सके।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post