
उत्तरकाशी के रामलीला मैदान में राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर रजत जयंती सप्ताह का पांचवां दिन विशेष रूप से उत्साहपूर्ण रहा। समारोह में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी और स्वरोजगारपरक योजनाओं की जानकारी साझा की गई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में लोक गायकों और कलाकारों ने अपनी मनमोहक कला दिखाई, जबकि राइंका डुंडा की बालिकाओं ने लोकगाथा जीतू बगड़वाल की प्रस्तुति दी।
मुख्य अतिथि गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान एवं जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य ने जिला स्तरीय बॉलिवाल प्रतियोगिता का उद्घाटन किया और दिव्यांग रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो विकास खंड नौगांव, पुरोला और मोरी के दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराएगा।
कार्यक्रम में उद्योग, उरेड़ा और सहकारिता विभाग ने स्वरोजगारपरक योजनाओं की जानकारी दी, जबकि ग्राफिक एरा अस्पताल द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। साहित्यकार समागम में जिले के प्रतिष्ठित साहित्यकारों को सम्मानित किया गया और महावीर रंवाल्टा ने “सूचना क्रांति में साहित्यकारों की भूमिका” पर अपने विचार साझा किए।
विधायक सुरेश चौहान ने राज्य आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि उत्तराखंड अब 25 वर्षीय युवा राज्य बन चुका है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान का स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी और पशुपालन क्षेत्रों में हुए उत्कृष्ट विकास का उल्लेख किया।
Reported By: Gopal Nautiyal













Discussion about this post