टिहरी गढ़वाल। अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने गुरुवार सुबह लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के बोराड़ी स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। सुबह 10:15 बजे किए गए निरीक्षण के दौरान कार्यालय में कई अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ कर्मचारी निर्धारित समय तक कार्यालय नहीं पहुंचे थे। इस पर अपर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को विलंब से आने वाले और अनुपस्थित कार्मिकों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों की उपस्थिति और भ्रमण विवरण कार्यालय में उपलब्ध नहीं था। इसके अलावा कार्यालय में पुराने दस्तावेजों और अभिलेखों का रखरखाव संतोषजनक नहीं पाया गया। अधिकांश अभिलेख धूल से ढके मिले और कार्यालय की साफ-सफाई व्यवस्था भी अव्यवस्थित पाई गई।
अपर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर सभी अभिलेखों का व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए तथा कार्यालय में साफ-सफाई और रिकॉर्ड प्रबंधन की स्थिति में सुधार किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय के सभी अनुभागों के साथ निर्माणाधीन भवन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post