
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस पार्टी पर कड़ा पलटवार किया है। सीएम ने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह केवल विवाद खड़े करने का प्रयास कर रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अंकिता के साथ हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना से सरकार और प्रदेश की जनता शुरू से ही बेहद आहत रही है। सरकार ने पहले दिन से ही त्वरित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की, जिसका परिणाम है कि मामले में संलिप्त तीनों आरोपी आजीवन कारावास की सजा पाकर जेल की सलाखों के पीछे हैं। मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है।
सीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि मृतका के माता-पिता की मांग पर ही सीबीआई जांच की सिफारिश की गई थी। उन्होंने कहा कि एजेंसी सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच करेगी और दूध का दूध, पानी का पानी होगा। उन्होंने न्याय मिलने में किसी प्रकार की देरी न होने का भरोसा दिलाया।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस कभी चुनाव आयोग, कभी ईवीएम, तो कभी प्रशासन और एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल उठाती है। जब कोई मुद्दा नहीं मिलता, तो वह ऐसे संवेदनशील मामलों में बेटी की आत्मा को झकझोरने और राजनीति चमकाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता समझदार है और जानती है कि सरकार पूरी ईमानदारी व पारदर्शिता के साथ राज्य के विकास और न्याय के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री उत्तराखंड
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post