टांडा रोड पर शुक्रवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। एस बैंड के पास तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद दोनों युवक सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिले। पुलिस ने दोनों को 108 एंबुलेंस की मदद से सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसपी सिटी मनोज कत्याल के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे एक राहगीर ने पुलिस को टांडा रोड स्थित एस बैंड के पास सड़क किनारे बाइक के पेड़ से टकराने और दो युवकों के अचेत पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
घटनास्थल पर मोटरसाइकिल संख्या UK06BN8480 दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली। बाइक के पास ही दोनों युवक पड़े हुए थे। पुलिस के मुताबिक दोनों के सिर और मुंह से खून निकल रहा था और शरीर में अकड़न पाई गई। हादसे की सूचना के बाद पुलिस अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए।
इसके बाद दोनों युवकों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 25 वर्षीय चेतन चौहान, पुत्र राजपाल सिंह चौहान, निवासी फुलसुंगी, बनखंडी नाथ नगर फेज-4, वार्ड नंबर-1, थाना ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर और 24 वर्षीय वैभव छाबरा, पुत्र अशोक कुमार, निवासी नंद विहार कॉलोनी, गगनपुर रोड, फुलसुंगी, रुद्रपुर के रूप में हुई है। दोनों के परिजन भी अस्पताल पहुंच चुके हैं।
पुलिस के अनुसार पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए दोनों शवों को मोर्चरी भेजा जा रहा है। प्रथम दृष्टया घटनास्थल के निरीक्षण और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर बाइक तेज गति में होने के कारण अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, जिससे हादसा होना प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस मामले की आवश्यक जांच कर हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।
मनोज कत्याल, एसपी सिटी हल्द्वानी
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post