पौड़ी ब्लॉक के ल्वाली कालेश्वर मोटर मार्ग पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम ल्वाली क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही कोतवाली पौड़ी से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को खाई से निकालकर जिला चिकित्सालय पौड़ी पहुंचाया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नीले रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (UK02A4679) ग्राम कुंजेठा में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर देर रात करीब 2:30 बजे ल्वाली स्थित होटल की ओर जा रही थी। इसी दौरान पटवारी चौकी के पास वाहन चालक का नियंत्रण कार से हट गया और वाहन सड़क से नीचे लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे। दुर्घटना में कुणाल रौतेला (40 वर्ष), पुत्र रतन सिंह रौतेला, निवासी कांडा, बागेश्वर, विशाल यादव (22 वर्ष), पुत्र बीरेंद्र यादव, निवासी पटेल नगर, शादीपुर, दिल्ली तथा प्रिंस कुमार (25 वर्ष), पुत्र राधे सिंह, निवासी पटेल नगर, शादीपुर, दिल्ली गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों का जिला चिकित्सालय पौड़ी में उपचार चल रहा है।
वहीं दुर्घटना में अभिषेक (करीब 40 वर्ष), निवासी पटेल नगर रेलवे स्टेशन के पास, शादीपुर, दिल्ली की मौके पर ही मौत हो गई। चिकित्सकों ने अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पहाड़ी मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और रात के समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
Reported By: Anil Bhuguna












Discussion about this post