मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर बुधवार को देहरादून में युवाओं का उत्साह देखने को मिला। युवा संकल्प दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी के पहुंचने पर युवाओं ने जोश और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया और जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान माहौल युवाओं के उत्साह और नारों से सराबोर नजर आया।
युवाओं ने मुख्यमंत्री के समर्थन में ‘युवा हृदय सम्राट’, ‘धुरंधर धामी’, ‘धाकड़ धामी’ और ‘धर्मरक्षक धामी’ जैसे नारे लगाए। युवाओं ने मुख्यमंत्री के साथ संवाद और मुलाकात के दौरान अपनेपन का भाव भी जताया। मुख्यमंत्री धामी का जन्मदिन 16 सितंबर को है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी के कार्यकाल के दौरान लिए गए विभिन्न फैसलों और कानूनों का भी उल्लेख किया गया। इनमें भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए लागू नकल विरोधी कानून प्रमुख रूप से शामिल है। राज्य सरकार के अनुसार, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनुचित साधनों के दोषी पाए जाने पर इस कानून में 10 वर्ष तक की सजा और 10 लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।
इसी तरह उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई है। उत्तराखंड सरकार के अनुसार, राज्य 27 जनवरी 2025 से यूसीसी लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना। यूसीसी के तहत विवाह, तलाक, उत्तराधिकार समेत विभिन्न व्यक्तिगत नागरिक मामलों के लिए समान कानूनी ढांचा लागू किया गया है।
राज्य सरकार की ओर से सख्त भू-कानून, महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, जबरन धर्मांतरण के खिलाफ कानून और दंगों के दौरान सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से क्षतिपूर्ति वसूली जैसे प्रावधानों को भी सरकार के प्रमुख फैसलों में गिनाया जाता है।
भू-कानून के तहत सरकार के अनुसार 11 पर्वतीय जिलों में दूसरे राज्यों के लोगों के लिए कृषि और बागवानी भूमि खरीद पर रोक का प्रावधान किया गया है। वहीं महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान सरकारी सेवाओं में लागू है।
जन्मदिन के मौके पर देहरादून में युवाओं की मौजूदगी और उत्साह कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। युवाओं ने मुख्यमंत्री के कार्यकाल में रोजगार, भर्ती प्रक्रिया, कानून-व्यवस्था और राज्य की पहचान से जुड़े मुद्दों पर लिए गए फैसलों को लेकर अपनी बात रखी। कार्यक्रम के दौरान युवाओं का जोश और मुख्यमंत्री के प्रति उनका उत्साह लगातार दिखाई दिया।
इस अवसर पर युवाओं के बीच मुख्यमंत्री धामी की राजनीतिक और प्रशासनिक यात्रा से जुड़े फैसलों की चर्चा भी हुई। सरकार की ओर से इन फैसलों को उत्तराखंड की पहचान, युवाओं के भविष्य और प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव से जोड़कर प्रस्तुत किया जाता रहा है।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post