
उत्तराखंड में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजनाओं का कार्य करने वाले ठेकेदारों ने लंबे समय से लंबित भुगतान को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। देवभूमि जल शक्ति कॉन्ट्रैक्टर वेलफेयर एसोसिएशन ने घोषणा की है कि 30 नवंबर 2026 को प्रदेशभर के ठेकेदार देहरादून स्थित एसडब्ल्यूएसएम (SWSM) कार्यालय में एकत्रित होकर सचिवालय कूच करेंगे। इसके बाद अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
एसोसिएशन के अनुसार, जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल योजनाओं का काम पूरा करने के बावजूद ठेकेदारों को लंबे समय से भुगतान नहीं किया गया है। इस वजह से उन्हें गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। ठेकेदारों ने पूर्व में भी सचिव, पेयजल निगम और विभागीय अधिकारियों को कई बार पत्र लिखकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
एसोसिएशन ने बताया कि 17 अगस्त 2026 को सचिव के साथ हुई बैठक में भी लंबित भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था। उस दौरान मुख्यमंत्री से वार्ता कराने और भुगतान के संबंध में विभाग को आवश्यक निर्देश देने के लिए तीन दिन का समय दिया गया था। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर 30 नवंबर से प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। इससे पहले मुख्य सचिव के निर्देश पर धरना समाप्त कराते समय भी 10 दिनों के भीतर भुगतान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी ठेकेदारों को उनका बकाया नहीं मिला।
एसोसिएशन का कहना है कि मुख्यमंत्री द्वारा जल जीवन मिशन के तहत 14.20 लाख ग्रामीण परिवारों को नल से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की उपलब्धि का उल्लेख किया गया है। यह निश्चित रूप से महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन इन योजनाओं को धरातल पर उतारने वाले ठेकेदारों का भुगतान अब तक लंबित होना गंभीर सवाल खड़े करता है। ठेकेदारों ने अपने संसाधन और निजी पूंजी लगाकर योजनाओं को पूरा किया, लेकिन अब उन्हें अपने ही बकाया धन के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
एसोसिएशन की प्रमुख मांग है कि जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजनाओं के सभी लंबित भुगतानों का जल्द भुगतान किया जाए। मुख्यमंत्री स्वयं मामले का संज्ञान लेकर प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाएं और सरकार व विभाग भुगतान की निश्चित तिथि घोषित करें। इसके साथ ही भुगतान में देरी के कारणों का स्पष्टीकरण देते हुए ठेकेदारों को लिखित आश्वासन दिया जाए।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने कहा कि ठेकेदारों ने हमेशा धैर्य और संयम के साथ अपनी जायज मांगें सरकार के सामने रखी हैं। प्रस्तावित आंदोलन भी पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसोसिएशन का किसी राजनीतिक दल या राजनीतिक गतिविधि से कोई संबंध नहीं है। आंदोलन के दौरान यदि कोई व्यक्ति या असामाजिक तत्व अशांति फैलाने अथवा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करता है तो उसका एसोसिएशन से कोई लेना-देना नहीं होगा।
अमित अग्रवाल ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार से ठेकेदारों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए तत्काल हस्तक्षेप करने और लंबित भुगतान की निश्चित तिथि घोषित करने की अपील की। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि 30 नवंबर से शुरू होने वाला अनिश्चितकालीन धरना तब तक जारी रहेगा, जब तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता। इसके बावजूद समाधान नहीं निकलने पर आगामी दिनों में सचिवालय अथवा मुख्यमंत्री आवास पर आंदोलन को आगे बढ़ाने के संबंध में भी निर्णय लिया जा सकता है।
Reported By: Arun Sharma














Discussion about this post