
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति और सीवर व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जल संस्थान एवं जल निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। अपने कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति जानी और विभिन्न स्थानों पर सीवर लाइन में हो रही लीकेज की समस्याओं पर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों ने मंत्री को अवगत कराया कि मसूरी में कुल पांच सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण किया जा रहा है। इनमें से दो एसटीपी का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। हालांकि, एक एसटीपी का कनेक्शन किया जाना शेष है, जबकि अन्य दो एसटीपी का निर्माण कार्य अभी जारी है।
इस पर मंत्री गणेश जोशी ने निर्देश दिए कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में जहां भी सीवर लाइन क्षतिग्रस्त है या लीकेज की समस्या बनी हुई है, वहां प्राथमिकता के आधार पर तत्काल मरम्मत और सुधार कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि सीवर लीकेज के कारण आमजन को परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए।
मंत्री ने कहा कि पेयजल और सीवर जैसी बुनियादी सुविधाएं सीधे तौर पर आमजन के दैनिक जीवन से जुड़ी हैं। इसलिए इनसे संबंधित शिकायतों का त्वरित संज्ञान लेकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने निर्माणाधीन एसटीपी के कार्यों में तेजी लाने और जिन एसटीपी का निर्माण पूरा हो चुका है, उन्हें आवश्यक कनेक्टिविटी उपलब्ध कराकर जल्द संचालित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत देते हुए स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री ने क्षेत्रवासियों को बेहतर पेयजल आपूर्ति और सुचारु सीवर व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए सभी कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर दिया।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post