
ऋषिकेश। एकीकृत स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एम्स ऋषिकेश ने महत्वपूर्ण पहल की है। संस्थान ने भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अंतर्गत सेंट्रल काउंसिल फॉर रिसर्च इन योगा एंड नेचुरोपैथी (सीसीआरवाईएन) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी का उद्देश्य क्लिनिकल सेवाओं, शिक्षा, क्षमता निर्माण और अनुसंधान के क्षेत्र में आपसी सहयोग को मजबूत करना है।
इस पहल के तहत आधुनिक बायोमेडिकल विज्ञान के साथ भारतीय पारंपरिक स्वास्थ्य पद्धतियों को जोड़कर समग्र और रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। एम्स ऋषिकेश साक्ष्य-आधारित योग और प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों को आधुनिक चिकित्सा के साथ जोड़ने पर काम करेगा। इसके माध्यम से मरीजों की देखभाल, शैक्षणिक आदान-प्रदान और संयुक्त शोध गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
समझौता ज्ञापन पर एम्स ऋषिकेश की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह और सीसीआरवाईएन के निदेशक डॉ. ज्योति केसवानी ने हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर प्रो. मीनू सिंह ने कहा कि इस रणनीतिक साझेदारी का उद्देश्य योग और प्राकृतिक चिकित्सा की समृद्ध विरासत को समकालीन चिकित्सा अनुसंधान एवं क्लिनिकल प्रैक्टिस से जोड़ना है। इसके तहत दोनों संस्थान स्वास्थ्य संरक्षण, स्वास्थ्य संवर्धन, बीमारियों की रोकथाम, जीवनशैली से जुड़ी समस्याओं के प्रबंधन, पुनर्वास और समग्र कल्याण में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की भूमिका पर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए मिलकर काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि यह सहयोग क्लिनिकल सेवाओं के साथ-साथ अकादमिक और अनुसंधान गतिविधियों को भी नई दिशा देगा। इसके माध्यम से योग और प्राकृतिक चिकित्सा की प्रभावशीलता का वैज्ञानिक आधार मजबूत करने तथा मरीजों को अधिक समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
इस साझेदारी से पारंपरिक स्वास्थ्य ज्ञान और आधुनिक चिकित्सा विज्ञान के बीच समन्वय को बढ़ावा मिलने के साथ एकीकृत स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अनुसंधान एवं नवाचार के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post