राष्ट्रीय अंगदान दिवस के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में 16वें राष्ट्रीय अंगदान माह के तहत अंगदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान लोगों को अंगदान के महत्व से अवगत कराने के साथ ही इससे जुड़े मिथकों और भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया गया।
संस्थान के अंग प्रत्यारोपण विभाग की ओर से आयोजित अभियान की शुरुआत रेडियो ऋषिकेश 90.0 एफएम पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम से हुई। एम्स की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने आकाशवाणी के माध्यम से अंगदान के महत्व, इसकी आवश्यकता और इससे जुड़े भ्रमों पर विस्तार से जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों से अंगदान का संकल्प लेने की अपील की।
इस अवसर पर नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए अंगदान जागरूकता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। वहीं कॉलेज ऑफ नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने सर्जिकल गैस्ट्रो, यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, जनरल सर्जरी एवं गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग की ओपीडी में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर मरीजों, तीमारदारों, आगंतुकों और स्वास्थ्यकर्मियों को अंगदान के प्रति जागरूक किया।
अंग प्रत्यारोपण विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान 10 लोगों ने राष्ट्रीय अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (NOTTO) की प्लेज रजिस्ट्री के माध्यम से अंगदान का संकल्प लिया।
विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय अंगदान दिवस के अवसर पर 3 अगस्त को प्रातः 5:30 बजे एम्स ऋषिकेश की ओर से अंगदान जागरूकता फ्लैग मार्च एवं पदयात्रा रैली का आयोजन किया जाएगा। यह रैली संस्थान के गेट नंबर-1 के सामने स्थित आस्था पथ से निकाली जाएगी। संस्थान ने आमजन से इस जागरूकता अभियान में सहभागिता कर अंगदान के प्रति समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने की अपील की।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post