
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर उत्तराखंड के विकास को नई गति देगा। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में लगभग 1.30 लाख करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जो कनेक्टिविटी और अर्थव्यवस्था दोनों को मजबूत करेंगी।
उन्होंने जानकारी दी कि सहारनपुर बाईपास से हरिद्वार तक 51 किमी लंबी छह लेन सड़क का उद्घाटन जून में प्रस्तावित है। वहीं, पौंटा साहिब से देहरादून तक फोर लेन मार्ग जल्द शुरू होगा। हरिद्वार में ग्रीन फील्ड बाईपास और ऋषिकेश बाईपास परियोजनाएं ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने में मदद करेंगी।
इसके अलावा, रुद्रपुर और काशीपुर में फोर लेन बाईपास, देहरादून-झाझरा-आशारोड़ी एलिवेटेड रोड और भानियावाला से ऋषिकेश तक सड़क परियोजनाएं भी तय समयसीमा में पूरी की जाएंगी। श्रीनगर में भी नई बाईपास परियोजना की तैयारी चल रही है।
धार्मिक और रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि टनकपुर से लिपुलेख तक सड़क निर्माण तेजी से हो रहा है, जिससे मानसरोवर यात्रा आसान होगी। साथ ही चारधाम सड़क परियोजना के तहत अधिकांश कार्य पूरा किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम मार्गों पर भी तेजी से काम हो रहा है। साथ ही सोनप्रयाग–केदारनाथ और गोविंदघाट–हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं पर भी कार्य प्रगति पर है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इन सभी परियोजनाओं के पूर्ण होने से उत्तराखंड में पर्यटन, व्यापार और रोजगार को बड़ा बढ़ावा मिलेगा, साथ ही राज्य की कनेक्टिविटी आधुनिक और सुदृढ़ बनेगी।
Reported By: Praveen Bhardwaj














Discussion about this post