
देहरादून में उत्तरांचल प्रेस क्लब में उत्तराखंड एनजीओ महासंघ की बैठक आयोजित हुई, जिसमें राज्य में गैर सरकारी संगठनों के हकों पर बढ़ते हस्तक्षेप के खिलाफ रोष प्रकट किया गया। महासंघ ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की और चेतावनी दी कि जरूरत पड़ी तो सड़क आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में महासंघ के राज्य संयोजक जगत मर्तोलिया ने कहा कि उत्तराखंड मूल की एनजीओ संस्थाओं के बजाय बाहरी संस्थाओं को अरबों रुपए के प्रोजेक्ट दिए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय संस्थाओं का आर्थिक शोषण हो रहा है। उन्होंने प्रदेश में एनजीओ के हितों की सुरक्षा हेतु कठोर नियमावली बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में सतपाल सिंह राणा (देहरादून), गिरीश डिमरी (चमोली), अनीता भट्ट (टिहरी), राकेश चंद्रा (पौड़ी), प्रकाश भट्ट (रुद्रप्रयाग), कल्पना ठाकुर (उत्तरकाशी) को जिला संयोजक नियुक्त किया गया। राज्य सम्मेलन की प्रस्तावित तिथि 26 अक्टूबर को आगे बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया।
महासंघ ने कहा कि अब उत्तराखंड में केवल स्थानीय एनजीओ को प्रोजेक्ट मिलेंगे और बाहरी संस्थाओं को फलने-फूलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही, सी.एस.आर. पर सरकार के हस्तक्षेप पर भी चिंता व्यक्त की गई।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post