
भारत–नेपाल सीमा पर सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसबी ने खटीमा क्षेत्र के सुंदर नगर में गश्त के दौरान 9.20 ग्राम स्मैक (हेरोइन) के साथ एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान झनकईया पुलिस के जवान भी संयुक्त रूप से शामिल रहे।
शनिवार को एसएसबी 57वीं वाहिनी के कमांडेंट मनोहर लाल के नेतृत्व में एसएसबी के जवान झनकईया पुलिस के साथ सीमा क्षेत्र में नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान सीमा चौकी मेलाघाट एवं उत्तराखंड पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि सीमा क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्व सक्रिय हैं। सूचना के आधार पर संयुक्त गश्ती दल का गठन कर सुंदर नगर क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 9.20 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में युवक ने अपना नाम रोशन चंद पुत्र बहादुर चंद, निवासी नेपाल बताया। उसने स्वीकार किया कि वह स्मैक को झुलापुल, नेपाल में एक अज्ञात व्यक्ति को सौंपने जा रहा था और नेपाल जाने का प्रयास कर रहा था।
कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को आगे की विधिक कार्रवाई हेतु झनकईया पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
देवेंद्र गौरव S.O. खटीमा
Reported By: Rajesh Kumar













Discussion about this post